
बरेली (आंवला): आंवला पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट, 1957 की धारा 63 और 65 के तहत एफआईआर दर्ज करते हुए dx बजाज ब्रांड के नाम पर नकली इलेक्ट्रिक गीजर तैयार करने और उनकी आपूर्ति करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है।यह शिकायत चंडीगढ़ स्थित स्पीड नेटवर्क्स द्वारा दर्ज कराई गई, जो बजाज इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड की अधिकृत प्रतिनिधि कंपनी है। शिकायत के अनुसार आरोपी बड़े पैमाने पर बजाज के ट्रेडमार्क का दुरुपयोग करते हुए नकली इलेक्ट्रिक गीजर तथा अन्य इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की असेंबली और बिक्री कर रहे थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए आंवला पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पूरे सप्लाई और वितरण नेटवर्क का पता लगाने, आरोपियों की गिरफ्तारी करने और मौके से बरामद सभी नकली गीजरों को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच आगे बढ़ने के साथ ही इस मामले में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








