शिवहर:जिले के श्यामपुर भटहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर नकली सरसों तेल बनाने और बेचने वाले एक बड़े गोरखधंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से मशहूर ब्रांड के नकली तेल से भरे बोतल, खाली बोतलें, और स्टीकर सहित भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बूंगे इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (Bunge India Pvt. Ltd.) कंपनी की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि शीतल कुमार (पिता- सुधीर झा, निवासी- पालघर, महाराष्ट्र) को गुप्त सूचना मिली थी कि श्यामपुर भटहा क्षेत्र में एक घर में अवैध रूप से उनकी कंपनी के नाम पर नकली सरसों तेल तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा है।इसकी सूचना तत्काल दिनांक 09/09/2026 को श्यामपुर भटहा थाना अध्यक्ष को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदक को साथ लेकर बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी में बरामद सामग्री
पुलिस की तलाशी के दौरान मौके से निम्नलिखित अवैध सामान जब्त किए गए:
नकली तेल भरी बोतलें: बंज इंडिया कंपनी के नकली ‘डाल्डा’ ब्रांड का मार्का लगा सरसों तेल भरा हुआ 100 पीस बोतल।
खाली बोतलें: मार्का लगाने के लिए इस्तेमाल होने वाली 282 पीस खाली बोतलें।
स्टीकर: बंज कंपनी के नाम के 1190 पीस स्टीकर। तरल पदार्थ: 15 लीटर के जार में भरा हुआ कुछ अन्य संदिग्ध तरल पदार्थ (कुल 6 जार)। आरोपी दुकान/मकान मालिक की पहचान
छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम देवेंद्र सिंह (पिता- रामशीष सिंह, वार्ड नंबर-3, कटसरी, थाना- श्यामपुर भटहा, जिला- शिवहर) बताया। वह मौके पर बरामद सामानों से संबंधित कोई भी वैध कागजात या लाइसेंस पेश नहीं कर सका।पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63/65 तथा ट्रेडमार्क एक्ट की धारा 103/104 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची (सीजर लिस्ट) तैयार कर सभी सामानों को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







